ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ट्रेन की चपेट में आने से रिटायर्ड शिक्षक की मौत, जीआरपी के देरी से पहुंचने से आक्रोश

चंदौली। कुछमन रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना के बावजूद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के काफी देर से मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

 

80 वर्षीय लल्लन यादव रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। बताया जाता है कि वह रेलवे लाइन के पास घूम रहे थे। इसी दौरान लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

 

मृतक के परिवार में इस घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है। उनकी पत्नी रेशमा देवी तथा पुत्र अशोक, मिंटू और बबलू का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि लल्लन यादव लंबे समय तक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे और गांव में एक सम्मानित एवं मिलनसार व्यक्ति के रूप में उनकी पहचान थी।

 

हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश उस समय और बढ़ गया जब सूचना दिए जाने के बावजूद जीआरपी लगभग चार घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। लोगों का आरोप था कि पुलिस की देरी के कारण शव लंबे समय तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। इस दौरान लोगों ने रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।

 

बाद में मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!