
चंदौली। पीडीडीयू नगर के अग्रवाल सेवा संस्थान में रविवार को क्षत्रिय महासभा की ओर से क्षत्रिय महापंचायत आयोजित की गई। इसमें समाज के जरूरतमंद परिवारों की मदद को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापंचायत में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने और जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों, अधिवक्ताओं और खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
महापंचायत का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षत्रिय महासभा युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान श्रीराम और महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान समाज की एकजुटता के साथ जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह ने कहा कि किसी समाज की पहचान केवल उसकी गौरवशाली विरासत पर गर्व करने से नहीं होती, बल्कि कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े होने से होती है। उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब बेटी की शादी न रुके और प्रतिभावान विद्यार्थी पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित न हो।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को केवल इतिहास और गौरव की जानकारी देना पर्याप्त नहीं है। समाज को ऐसा वर्तमान तैयार करना होगा, जिसमें शिक्षा और अवसर की कमी किसी बच्चे की प्रगति में बाधा न बने। इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद परिवारों के संरक्षक की भूमिका निभानी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज की एकजुटता केवल बैठकों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और जरूरतमंदों की सहायता को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में लेकर सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक रजनीश सिंह डब्लू ने अतिथियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान देवेंद्र सिंह मुन्ना, शशिशंकर सिंह, राजेश सिंह, शिवाजी सिंह, दिलीप सिंह, भानू प्रताप सिंह, डॉ. आरपी सिंह, डॉ. अशोक सिंह, सुमित सिंह, मुन्ना सिंह, राजेंद्र सिंह, विकास सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

