ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बेसिक शिक्षकों और रसोइयों को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा, रसोइयों को अब हर माह तीन हजार मिलेगा मानदेय

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों और रसोइयों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ा फैसला किया है। अब बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के कर्मियों और पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को सरकारी अस्पतालों के साथ संबद्ध निजी अस्पतालों में भी सालाना पांच लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। रविवार को चंदौली कलेक्ट्रेट में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में इस फैसले की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिक्षकों और रसोइयों में खासा उत्साह नजर आया।

बताया गया कि जो कर्मचारी पहले से आयुष्मान भारत या किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजना से आच्छादित हैं, उन्हें इस योजना का दोहरा लाभ नहीं मिलेगा। जनपद चंदौली में पीएम पोषण योजना के तहत 1,267 विद्यालय संचालित हैं, जहां 3,851 रसोइये कार्यरत हैं।कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की जानकारी दी गई। अब उन्हें प्रतिमाह 2,000 रुपये के स्थान पर 3,000 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके अलावा ड्रेस, यूनिफॉर्म, एप्रन, ग्लव्स और कैप आदि के लिए मिलने वाली राशि को भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। बताया गया कि वर्ष 2010 में रसोइयों का मानदेय 1,000 रुपये प्रतिमाह था, जिसे मार्च 2019 में बढ़ाकर 1,500 और अप्रैल 2022 में 2,000 रुपये किया गया था।

 

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यालयों में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाली रसोइया बहनें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि और डिजिटल हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। डिजिटल हेल्थ कार्ड के माध्यम से उन्हें बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

 

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन को सुना।

Back to top button
error: Content is protected !!