
चंदौली। वाराणसी-मुगलसराय रेलखंड के बीच कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक यात्री के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षाबलों की टीम जांच में जुटी है। 24 घंटे के अंदर डीडीयू रेल मंडल में यह दूसरी वारदात है। रविवार को ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ताबड़तोड़ घटनाओं के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सोमवार की सुबह मुगलसराय ब्लाक हट-बी सेक्शन के पास कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के बाथरूम के समीप एक यात्री का रक्तरंजित शव मिला। मृतक के सिर में गोली मारी गई थी। मृतक की शिनाक्त बिहार के पिपरिया गया निवासी दिनेश साह (57 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने किसी रिश्तेदार के साथ धार्मिक यात्रा पर जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जम्मूतवी एक्सप्रेस रात करीब 1.30 बजे डीडीयू जंक्शन से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। कुछ दूर सिकटिया के समीप पहुंचने पर जनरल टिकट लेकर एस-2 कोच में बैठे यात्री को अचानक सिर में गोली मार दी गई। इसके बाद आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। यात्रियों ने तत्काल घटना की सूचना जीआरपी को दी। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को लगाया गया है। मृतक के परिजनों और यात्रियों से पूछताछ कर आरोपी का हुलिया पता करने का प्रयास किया जा रहा है।
चंदौली में रविवार को भी यात्री की ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं सोमवार की सुबह अस्पताल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला की हत्या करने वाले साइको किलर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि तीनों हत्याओं को साइको किलर ने ही अंजाम दिया होगा। हालांकि, पुलिस अभी घटना की छानबीन में जुटी है।

