
चंदौली। मारपीट के एक मामले में थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया के माध्यम से थाना इलिया क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुरवा में 12 अप्रैल को हुई मारपीट की घटना में मुकदमा दर्ज न करने के आरोप संज्ञान में आए थे। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी ने इलिया एसओ और हल्का इंचार्ज के भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं। एसपी ने दो दिनों में रिपोर्ट मांगी है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक जानकारी के आधार पर यह सामने आया कि थाना स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। आरोप है कि घटना के बाद समय पर उचित धाराओं में अभियोग दर्ज नहीं किया गया, बल्कि देरी से हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसे पुलिस अधीक्षक ने गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी चकिया को निर्देशित किया है कि थाना प्रभारी इलिया और संबंधित हल्का इंचार्ज की भूमिका की जांच कर दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिया है कि इस प्रकरण में सुसंगत धाराएं बढ़ाई जाएं, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में धाराओं को कमतर करने या मामले को हल्के में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मारपीट समेत सभी संवेदनशील मामलों में तत्परता और गंभीरता दिखाएं। प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

