
चंदौली। जनपद में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सोमवार को जगदीशसराय स्थित हरिओम सेवा आईटीआई कॉलेज में जॉब मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सोलर प्लैनेट के तत्वावधान में संपन्न हुआ। मेले में कुल 85 बेरोजगार युवकों ने प्रतिभाग किया, जिनका कंपनी की टीम द्वारा साक्षात्कार लिया गया।

कंपनी के निदेशक अभिषेक सिंह और उनकी टीम ने अभ्यर्थियों की योग्यता व तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 42 युवकों का चयन किया गया। संस्थान के प्रबंधक संतोष कुमार तिवारी ने चयनित युवकों को ऑफर लेटर प्रदान किए। ऑफर लेटर मिलते ही युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि चयनित युवकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत दो किलोवाट और तीन किलोवाट के सोलर रूफटॉप सिस्टम की इंस्टॉलेशन का कार्य सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा युवकों को आकर्षक मासिक वेतन, यात्रा भत्ता और प्रदर्शन आधारित बोनस भी दिया जाएगा।
प्रधानाचार्य सत्येन्द्र कुमार मिश्रा ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम में अनुदेशक मुंशीराम, चंद्रजीत यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

