
संवाददाता: बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र के भूसीकृतपुरवा गांव में गुरुवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। गांव में लंबे समय से नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
गांव निवासी संजय राम की 12 वर्षीय पुत्री रोली घर से बाहर किसी घरेलू कार्य के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में नीचे झूल रहे बिजली के तार से उसका संपर्क हो गया। तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आते ही बालिका जोरदार झटका लगने से मौके पर ही गिर पड़ी और बुरी तरह झुलस गई। घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और बालिका को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर घायल रोली को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिसकी शिकायत कई बार संबंधित विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इन खतरनाक तारों को ठीक नहीं कराया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर पूरे क्षेत्र में जांच अभियान चलाने और झूलते तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

