चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: व्यापारी को सीज माल बेचने का तरीका बताने वाले चंदौली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी व सुपरवाइजर निलंबित

 

चंदौली: जिले में सीज किए गए खाद्य सामग्री को बेचने की सलाह देने और कारोबारियों से धन उगाही के आरोप में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चंदौली में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार गोंड और सेनेटरी सुपरवाइजर गणपति पाठक को जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबित कर दिया गया है।

बताया गया कि जनवरी के पहले सप्ताह में चकिया के एक व्यापारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। ऑडियो में अधिकारी द्वारा सीज की गई 215 बोरी सूजी और मैदा को खपाने की सलाह देने तथा किसी कार्रवाई की स्थिति में पहले से सूचना देने का आश्वासन देने की बात सामने आई थी। यहां तक कि सीज की कार्रवाई निरस्त कराने का भरोसा भी दिया गया था।

आरोप है कि सील खुलवाने और टीम के आने की सूचना देने के नाम पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने 51 हजार रुपये तथा सेनेटरी सुपरवाइजर ने 10 हजार रुपये लिए। अधिकारी के भरोसे पर व्यापारी ने माल बेच दिया, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई शुरू हुई।

जांच के दौरान विंध्याचल मंडल के सहायक आयुक्त खाद्य प्रथम ने चंदौली पहुंचकर व्यापारी का बयान लिया। व्यापारी संदीप कुमार केशरी ने ऑडियो-वीडियो समेत कई साक्ष्य प्रस्तुत किए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएन त्रिपाठी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों आरोपितों को निलंबित कर दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!