
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के बेलवानी गांव में सोमवार को एक हृदय विदारक हादसे में सगे भाई-बहन की नहर में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृत बच्चों की पहचान पांच वर्षीय आर्यन और तीन वर्षीय अनुप्रिया के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बेलवानी गांव की पाल बस्ती में रहने वाले हीरालाल पाल का घर नहर के किनारे स्थित है। सोमवार को नहर में पानी छोड़े जाने के कारण उसका जलस्तर और बहाव काफी तेज था। बताया जाता है कि हीरालाल के पुत्र आर्यन और उसकी छोटी बहन अनुप्रिया नहर पार कर पास की दुकान पर कुछ सामान लेने गए थे। वापस लौटते समय दोनों बच्चे नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों को बहता देख तुरंत नहर में छलांग लगा दी और कुछ दूरी पर जाकर दोनों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पिता हीरालाल पाल, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और दो दिन पहले ही नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर गए थे, घटना की सूचना मिलते ही स्तब्ध रह गए।
परिजनों ने बताया कि दंपति का एक छह माह का पुत्र भी है। दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। बाद में परिजन दोनों बच्चों के अंतिम संस्कार के लिए बलुआ घाट रवाना हो गए।

