
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के भोगवार गांव में बंद घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दो दिन बाद घर लौटने पर परिवारवालों को घटना की जानकारी हुई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की और फिंगर प्रिंट के नमूने लिए। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
भोगवार गांव निवासी राकेश कुमार चौधरी का परिवार 29 तारीख को अयोध्या दर्शन के लिए गया था। इस दौरान घर में ताला बंद था। उसी दिन रात में घर के बाहर के दरबाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोर मकान के छत पर लगी वेंटिलेशन जाली खोलकर अंदर घुसे, इसके बाद घर में रखे लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और 25 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
30 तारीख को परिवार वापस आया तो घर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे सोने के आभूषण व नकदी गायब थी। गृहस्वामी ने तत्काल इसकी सूचना मुगलसराय कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया। वहीं फिंगर प्रिंट के सैंपल भी लिए। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है।

