ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चहनियां में नाली निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

चंदौली। चहनियां कस्बे के बलुआ रोड पर नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर बहती कच्ची नाली से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बंजरिया बाबा मंदिर के सामने, मुख्य सड़क किनारे गहरी और खुली नाली से स्थानीय लोग चिंतित हैं। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्द पक्की नाली का निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन को विवश होंगे।

 

चहनियां चौराहे से बलुआ जाने वाली यह सड़क काफी व्यस्त रहती है। इस मार्ग से न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि वाराणसी और अन्य जिलों के यात्री भी बड़ी संख्या में गुजरते हैं। सड़क किनारे ही एक इंटर कॉलेज और दोपहिया वाहन एजेंसी भी स्थित है, जिससे वहां हर समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। बावजूद इसके, खुली कच्ची नाली की समस्या पर प्रशासन या जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं जा रहा, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द नाली निर्माण की मांग रखी। प्रदर्शन में नंदलाल विश्वकर्मा, कन्हैया यादव, जितेंद्र विश्वकर्मा, विकास, गंगा, शंभू, सतेंद्र, श्यामजी वकील, कृष्णा सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!