
चंदौली। सकलडीहा तहसील के अधिवक्ता उपेंद्र सिंह के साथ लेखपाल एवं माल बाबू द्वारा कथित मारपीट और प्राणघातक हमले के मामले को लेकर गुरुवार को डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन की बैठक बार सभागार में आयोजित की गई। बार के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
अध्यक्षता करते हुए डिस्ट्रिक्ट बार के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ता पर हमला न्याय व्यवस्था और अधिवक्ता समाज की गरिमा पर सीधा हमला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को दो दिन के भीतर आरोपी लेखपाल की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होती है तो अधिवक्ता समाज बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता पर हमला करने के आरोपी लेखपाल की ओर से जिले का कोई भी अधिवक्ता न्यायालय में पैरवी नहीं करेगा।
बार पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।अधिवक्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। डिस्ट्रिक्ट बार के पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह, संतोष सिंह, विद्या चरण सिंह, महामंत्री सुल्तान अहमद , पूर्व महामंत्री हाजी मुहम्मद अकरम, शमशुद्दीन, राजबहादुर सिंह, उपाध्यक्ष रामशंकर यादव, राहुल सिंह, आदि मौजूद थे।

