
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में विगत दिनों आपसी विवाद के दौरान हुई फायरिंग में घायल 58 वर्षीय श्यामलाल की बुधवार देर शाम मौत हो गई। उनकी मौत के बाद गांव में तनाव और गहरा गया है। हालात को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लगातार गश्त की जा रही है।
तेल्हरा गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने बड़ी घटना का रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी गई, जिसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। श्यामलाल की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को उन्हें घर लाया गया, जहां देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस इस मामले में पहले ही पूर्व प्रधान समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

