
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने पानी की टंकी के पास स्थित बाउंड्री के भीतर युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास है। शव का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह से जला हुआ है, हालांकि चेहरे का कुछ भाग सुरक्षित बचा हुआ है, जिससे पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सुनसान स्थान पर लाकर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया गया।
सीओ अरुण सिंह ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के थानों के साथ-साथ अन्य जनपदों में भी मृतक की तस्वीर भेजी गई है। इसके अलावा गुमशुदगी के मामलों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि युवक की शिनाख्त हो सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मृतक की पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटना का परिणाम है या फिर एक सुनियोजित हत्या का मामला।

