ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध मार्च, पुलिस अधीक्षक के इस्तीफे की मांग

चंदौली। जिले में लगातार बढ़ रहे जघन्य अपराधों और कथित रूप से बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। विरोध मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल रहे।

 

कांग्रेस का यह विरोध मार्च जैसे ही आगे बढ़ा, पुलिस प्रशासन ने बीच रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर उसे बलपूर्वक रोक दिया। इसके बाद विरोध मार्च धरना एवं प्रदर्शन में तब्दील हो गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जिले की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया।

 

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि बीते कुछ महीनों में चंदौली जनपद में जघन्य अपराधों की संख्या चिंताजनक रूप से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में रोहिताश पाल सहित एक दर्जन से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं। इसके अलावा एक विक्षिप्त महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रयास तथा एक छह वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या जैसी घटनाओं ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे हालात में पुलिस अधीक्षक सहित पूरे पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

 

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस अधीक्षक जिले की कानून व्यवस्था संभालने में असमर्थ हैं तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग करने के बजाय उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि अपराधियों ने चंदौली को अपना चारागाह बना लिया है। पुलिस महकमा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के थाने न्याय दिलाने के बजाय धन उगाही का माध्यम बनते जा रहे हैं। द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी और सत्ता दोनों मिलकर अराजकता फैला रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता को इस अराजकता और अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे बेखौफ होकर जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।

 

 

शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस नेत्री त्रिजा इलियट सहित कई लोगों के यहां चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जितनी सख्ती कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने में दिखा रही है, यदि उतनी ही सख्ती अपराधियों के खिलाफ दिखाई जाए तो चंदौली अपराध मुक्त हो सकता है।

 

धरना-प्रदर्शन में मधु राय, गंगा प्रसाद, हीरा लाल शर्मा, सतीश बिंद, रामा नंद यादव, रजनीकांत पांडेय, अकील अहमद, बाबू राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, शाहिद तौसीफ, राधेश्याम यदुवंशी, संतोष तिवारी, नवीन पांडेय, दिलीप यादव, अजय माली, इकबाल अहमद सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!