
चंदौली। दीपावली का पर्व तभी सार्थक है, जब खुशियों का प्रकाश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति खुद को उपेक्षित महसूस न करे। इसी संदेश के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने विधानसभा मुगलसराय के हमीदपुर स्थित दलित मुसहर बस्ती में वनवासी परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बस्ती के बच्चों को मिठाइयां खिलाईं और उनके बीच मिठाइयों के साथ पटाखे वितरित किए। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद कर उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान बस्ती में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बच्चों के लिए मिठाई और पटाखे मिलने की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी। डॉ. पांडेय ने परिवारों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना और दीपावली के अवसर पर खुशियों में सहभागी बने। उनकी इस पहल से बस्ती के लोगों में भी उत्साह नजर आया।

इस अवसर पर डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि दीपावली केवल अपने परिवार के साथ उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है। परिवार के साथ तो हर कोई त्योहार मनाता है, लेकिन समाज के उन लोगों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना, जिन्हें छोटी-छोटी खुशियों का विशेष इंतजार रहता है, आत्मिक संतोष प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक खुशियों का प्रकाश पहुंचे। हमारी जिम्मेदारी है कि कोई भी परिवार त्योहार के उल्लास से वंचित न रहे। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने से ही सामाजिक समरसता मजबूत होती है।
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
डॉ. पांडेय ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। ऐसे में इस पर्व पर जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचना और उनके साथ खुशियां बांटना सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी, राजू इकबाल, सत्यानंद राय, रामकिशुन झा, अरविंद पटेल, शिवनाथ प्रजापति, राजाराम चौरसिया, संदीप पटेल, शिवपूजन डॉक्टर, राजू गोंड, शारदा मुसहर, दुर्गा पांडेय, चंद्रशेखर पटेल, बबलू सिंह, ग्राम प्रधान दिनेश सिंह, शेखर बिना और राजेश मौर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

