
- एक ही दिन में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 2.45 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, छह तस्कर गिरफ्तार
- सिंघीताली पुल पर चेकिंग के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का किया प्रयास
- पुट्टी की 70 बोरियों के नीचे छिपाई गई थी शराब, कटरिया के पास कंटेनर के गुप्त बाक्स में मिला गांजा
चंदौली। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयों में अवैध शराब और गांजे की खेप बरामद की। अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने सिंघीताली पुल के पास एक ट्रक से 775 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। वहीं, एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कटरिया सर्विस लेन के पास एक कंटेनर से 2 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब
अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिंघीताली पुल के पास एनएच-19 पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान पुलिस ने ट्रक संख्या यूपी22एटी0085 को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित रखते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और उसमें सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रक की तलाशी में 70 बोरी जेके सुपर पुट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की 775 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल ब्रांड की कुल 6935 लीटर शराब शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है। बोतलों पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली’ अंकित था, जबकि बारकोड खुरचे हुए थे।

आगे चल रही कार से दे रहे थे पुलिस की लोकेशन
पुलिस के अनुसार, ट्रक में पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि करीब 500 मीटर आगे चल रही काले रंग की ब्रेजा कार में सवार लोग पुलिस की लोकेशन दे रहे थे। सूचना पर पुलिस ने कार संख्या डीएल7सीजेड5159 को घेरकर उसमें सवार दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली और चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने ले जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए कार आगे चलती थी और पीछे शराब लदा ट्रक आता था। चेकिंग में पकड़े जाने के डर से ट्रक चालक को पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर भागने का निर्देश दिया गया था। आरोपियों के कब्जे से पांच एटीएम कार्ड और 2500 रुपये नकद भी मिले। ट्रक और ब्रेजा कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
कंटेनर के गुप्त बाक्स में मिला 251 किलो गांजा
दूसरी कार्रवाई में एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन के पास कंटेनर संख्या यूके06सीबी5283 को रोककर तलाशी ली। कंटेनर के केबिन के ऊपरी हिस्से में बने गुप्त बक्से से आठ सफेद प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। इनमें 120 बंडलों में रखा 2 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से झारखंड के बोकारो निवासी बजरंग कुमार सिंह (29) को गिरफ्तार किया। उसके पास से रेडमी मोबाइल, निर्वाचन कार्ड, आधार कार्ड, रिलायंस कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद मिले।
झारखंड से रामनगर पहुंचाने की थी जिम्मेदारी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बजरंग कुमार सिंह ने बताया कि गांजा बोकारो निवासी मंटू सिंह ने कंटेनर में लदवाकर रामनगर पहुंचाने के लिए दिया था। वहां किसी व्यक्ति को माल सौंपकर पैसे लेकर वापस जाना था। शराब बरामदगी मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 587/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 109(1), 61(2) और आबकारी अधिनियम की धाराओं 60/63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गांजा बरामदगी मामले में मुकदमा संख्या 586/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

