fbpx
चंदौलीपंचायत चुनावराज्य/जिला

चंदौलीः मतगणना के दिन हुई थी पिता की मौत बेटी ने जीता उपचुनाव, मतगणना में इन्हें मिली जीत

चंदौली। पंचायत उपचुनाव की मतगणना ब्लाक मुख्यालयों पर सोमवार को सकुशल संपन्न हुई। ग्राम प्रधान पद का एक, दो बीडीसी व जिला पंचायत के 155 पदों के परिणाम दोपहर तीन बजे तक आ गए। धानापुर ब्लाक के किशुनपुरा ग्राम पंचायत में मृत प्रधान वीरेंद्र यादव की बेटी पूजा यादव ने उपचुनाव में जीत दर्ज की। उन्होंने पिता की विरासत और सपने को मुकाम तक पहुंचाने की बात कही।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मतगणना के दिन ही वीरेंद्र यादव की मौत हो गई। हालांकि परिणाम उनके पक्ष में आया था। विडंबना यह कि उसी दिन बेटी की शादी के लिए बारात भी आई थी। उपचुनाव में बेटी पूजा यादव ने पिता की जीत को दोहराते हुए 333 वोट पाकर 71 मतों से जीत हासिल की। आरओ ने प्रमाणपत्र दिया। ब्लाकों में मतगणना की प्रक्रिया सुबह आठ बजे शुरू हुई। प्रत्याशी, अभिकर्ता और उनके समर्थक पहले ही मतगणना केंद्रों पर पहुंच गए। अभिकर्ताओं की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का ताला खुला। प्रत्येक ब्लाक में मतों की गिनती के लिए तीन-तीन टेबल लगाए गए थे। दोपहर तीन बजे तक मतगणना पूरी हो गई। विजयी प्रत्याशियों को आरओ ने प्रमाणपत्र प्रदान किया।

चकिया ब्लाक में सकुशल संपन्न हुई मतगणना

चकिया ब्लॉक के ग्राम सभा पंचफेड़ीया मे क्षेत्र पंचायत सदस्य व गढ़वा दक्षिणी में 6 सदस्य पद पर उपचुनाव सकुशल संपन्न हुआ था। सोमवार को चकिया ब्लाक सभागार में दोनों ग्राम सभाओं की मतगणना हुई। दो घंटे बाद ही परिणाम भी आ गए। पचफेड़ीया मे क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर प्रत्याशी रमाकांत मौर्या ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बुल्लू यादव को 318 वोटों से पराजित कर चुनाव जीता। तीसरे स्थान पर रहे कृष्णदेव को मात्र 24 वोट प्राप्त हुए। ग्राम सभा गढ़वा दक्षिणी 6 सदस्य पदों की मतगणना में वार्ड संख्या एक से कंचन देवी, वार्ड संख्या दो से कौशल्या, वार्ड संख्या तीन से राधिका, वार्ड संख्या चार से उर्मिला, वार्ड संख्या छह से घूरे ,वार्ड संख्या सात से शीला देवी, वार्ड संख्या 10 राधिका विजयी हुईं। आरओ ने नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य को प्रमाण पत्र दिया। इस मौके पर एडीओ पंचायत सत्येंद्र श्रीवास्तव, ग्राम विकास अधिकारी अशोक कुमार, संजय कुमार, नवीन सोनकर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!