ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: दरवाजे पर रखा गेहूं चोरी करने वाले दो शातिर चोर धराए, अनाज बरामद

चंदौली। बलुआ पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई चार बोरी गेहूं भी बरामद किया है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी रही।

 

हुदहुदीपुर निवासी ओमप्रकाश सिंह ने 1 मई को बलुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल की रात लगभग 1 बजे उनके घर के बाहर दीवार से सटाकर रखी चार बोरी गेहूं अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। शिकायत में गांव के ही राजू गोड उर्फ मगरु और विशाल कुमार पर संदेह जताया गया था।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए बलुआ पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 2 मई 2026 को सुबह करीब 10:50 बजे रमौली स्थित काली मंदिर के पास दबिश देकर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया गेहूं बरामद कर लिया। इस सफलता के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!