
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में रविवार सुबह लगभग 7:30 बजे जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान मारपीट के साथ फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
रामसूरत राम के परिवार पर गोली चलाने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस घटना में कुद्दन के परिवार के पांच लोगों को गोली लगी है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है तथा विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

