
चंदौली। मिशन शक्ति अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस ने 10 महीने से फरार चल रहे ₹25,000 के इनामी वांछित अभियुक्त सोनू बिन्द को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप के पास से मुखबिर की सूचना पर गुरुवार देर रात करीब 12 बजे दबोचा।
पुलिस के अनुसार, जून 2025 में सकलडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में पुलिस ने प्रारंभ में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाद में पीड़िता की बरामदगी और उसके बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64(2)(m), 87 बीएनएस तथा 5(L)/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
घटना के बाद से अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने पिछले महीने ही ₹25,000 का इनाम घोषित किया था। साथ ही न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू बिन्द (27 वर्ष) पुत्र जितेंद्र बिन्द, निवासी ग्राम किन्धौरा, थाना तरबगंज, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार यादव, कांस्टेबल विकास कुमार और संदीप यादव शामिल रहे।

