
चंदौली । अलीनगर क्षेत्र के बिछड़ी मोहल्ले में नगर पालिका के तालाब पर अवैध अतिक्रमण का मामला शुक्रवार को तुल पकड़ लिया। सूचना मिलते ही नगर पालिका प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत रुकवा दिया।
बताया जा रहा कि कुछ लोगों द्वारा तालाब को पाटकर उस पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर, अधिशासी अधिकारी (ईओ) राजीव मोहन सक्सैना और चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद अली मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर ही अवैध रूप से चल रहे कार्य को बंद कराते हुए संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर ने कहा कि नगर की सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तालाब जैसी महत्वपूर्ण जल संरचनाओं को बचाना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि दोबारा अतिक्रमण का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ईओ राजीव मोहन सक्सैना ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद अली ने स्थानीय लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जा करने वालों में खलबली मची रही।

