
तरुण भार्गव
चंदौली। चकिया क्षेत्र के चंद्रप्रभा रेंज में शुक्रवार को वन्यजीव दिवस के अवसर पर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि दुनियाभर में विलुप्त हो रही वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की प्रजातियों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल तीन मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस यानी वर्ल्ड वाइल्डलाइफ डे मनाया जाता है। जैव विविधता की समृद्धि ही धरती को रहने और जीवनयापन के योग्य बनाती है। इन सबसे अलग समस्या यह है कि लगातार बढ़ता प्रदूषण, वातावरण पर इतना खतरनाक प्रभाव डाल रहा है। जीव-जंतुओं और वनस्पतियों की अनेक प्रजातियां धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही हैं। इस अवसर पर चंद्र प्रभा रेंज के रिशु चौबे, अवधेश सिंह, प्रेमचंद, वनरक्षक पिंटू बघेल, पप्पू बघेल, जितेंद्र कुमार, दुर्गेश कुमार, गुलाब सिंह आदि मौजूद रहे।