
चंदौली । चकिया कचहरी परिसर में मंगलवार को एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के शादी करने के प्रयास को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही कुछ हिंदू संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मामले को “लव जिहाद” से जोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के नंदगंज क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय इस्तखार अली और 18 वर्षीय खुशबू वर्मा चकिया कचहरी में कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचे थे। दोनों के वहां पहुंचने की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों और वकीलों को हुई, माहौल गरमा गया।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों युवक-युवती को अपने साथ थाने ले जाकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही दोनों के परिजनों को भी सूचना देकर बुलाया गया।
दोनों एक दिन पहले चकिया नगर के वार्ड नंबर 1 में अपने रिश्तेदार के यहां पहुंचे थे और शादी के उद्देश्य से कचहरी आए थे। इस दौरान कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया और मामले में हस्तक्षेप किया।
पुलिस का कहना है कि दोनों के बालिग होने की बात सामने आ रही है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवती के परिजन भी थाने पहुंच चुके हैं। युवती की मां ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी पुलिस के माध्यम से मिली, जिसके बाद वे तुरंत कोतवाली पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

