ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: जिला अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर रखने का निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से सम्बद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का मंगलवार को निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की ओर से प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष सहित अन्य पटल का भ्रमण कर विस्तृत समीक्षा की। कहा की अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर रखा जाए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की स्थिति, समयबद्ध उपचार व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद करते हुए अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से डॉक्टरों की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्य शीलता व दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति और कैंटीन में मरीजों के लिए तैयार किए जा रहे खाने की गुणवत्ता व कैंटीन में आने वाले पैकेजिंग फूड पर एक्सपायरी डेट आदि की निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया।

कहा कि अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के लिए सभी चिकित्सक व स्टाफ पूर्ण ज़िम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता परिलक्षित होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रिंसिपल मेडिकल कालेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित चिकित्सक उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!