
चंदौली। डीडीयू रेलवे स्टेशन (मुगलसराय) के बाहर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोलकाता से पहुंची 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उनके 70 वर्षीय पति के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि बहू और उसके परिजनों ने उन्हें घेरकर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसे व चप्पलों से बेरहमी से पीटा। पत्नी को बचाने पहुंचे बुजुर्ग पति पर भी पाइप और ईंट से हमला करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने बहू समेत चार लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
स्टेशन के बाहर घेरकर पीटने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक शुक्रवार को मुगलसराय स्टेशन के बाहर बहू और उसके परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे पति को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया। घटना में बुजुर्ग दंपती और बचाव के लिए पहुंचे एक अन्य परिजन को चोटें आईं। वारदात के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शादी के बाद से चल रहा था विवाद
बताया जाता है कि महिला के इकलौते बेटे की शादी दिसंबर 2025 में चंदौली के गोधना निवासी युवती से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी पारिवारिक रंजिश के चलते स्टेशन के बाहर बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट की गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

