ख़बरेंचंदौली

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधायक ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चंदौली। प्रदेशव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को विकास खंड धानापुर की ग्राम सभा धानापुर स्थित दशमी के पोखरा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक सुशील सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण से ही जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने भी पौधरोपण कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, तभी हरियाली का उद्देश्य सफल हो सकेगा।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राकेश मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश सिंह, प्रधान रामजी कुशवाहा, प्रधान प्रतिनिधि विनोद, मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, प्रधान रामप्रवेश तिवारी, वन क्षेत्राधिकारी राम सवारे यादव, प्रधान रवि यादव, बीडीसी राहुल राजभर, दीपक जायसवाल, प्रेम शंकर गोस्वामी, गोपाल बिंद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

Back to top button
error: Content is protected !!