
चंदौली। अंबेडकर जयंती के अवसर पर इलिया ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम इस बार खास बन गया। पारंपरिक आयोजनों से अलग हटकर यहां सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश दिया। यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को स्टडी टेबल, दीवार घड़ी, मेडल और डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र देकर सम्मानित किया गया। कुल 10 मेधावी छात्रों को विजेता घोषित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा 8 के शिवम गुप्ता, कक्षा 5 के सनी कुमार और कक्षा 4 के प्रज्वल गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में न्यू शाइनिंग स्टार ग्लोबल स्कूल, जेएनवी कोचिंग, मां सरस्वती कोचिंग और द बेस्ट कोचिंग सेंटर के छात्रों की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर इलिया थाना अध्यक्ष चंदन राय और चौकी इंचार्ज चंद्र शुक्ला सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय युवाओं ने किया, जबकि ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य बना दिया।
थाना अध्यक्ष ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं।

