
चंदौली। फायर एनओसी जारी करने में का किया औचक निरीक्षण अनावश्यक देरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों और जीवन रक्षक उपकरणों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अग्निशमन वाहनों, वॉटर टेंडर, पंप और अन्य उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वाहन और अग्निशमन उपकरण 24 घंटे पूरी तरह ऑपरेशनल स्थिति में रहें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने आगजनी की सूचना मिलने के बाद क्विक रिस्पॉन्स टाइम बेहतर रखने के लिए रूट प्लान और संसाधनों की पूर्व तैयारी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा सूचना रजिस्टर, वाहन मेंटेनेंस रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा।
एसपी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों, विद्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फायर सेफ्टी मॉकड्रिल और जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा फायर सर्विस कर्मियों के बैरक, मेस और आवासीय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों को सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
फायर NOC में अनावश्यक देरी पर दें सूचना
पुलिस अधीक्षक ने फायर NOC जारी करने में अनावश्यक देरी से संबंधित शिकायतों को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति की फायर NOC बिना उचित कारण के लंबित रखी जाती है, तो इसकी सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी जा सकती है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

