
संवाददाता: बाबू चौहान चंदौली। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को चकिया के तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने शहाबगंज स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, पोलिंग पार्टियों की व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारियों का जायजा लिया।
तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान कर्मचारियों और मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान कराने के लिए सतर्क है।
दोनों ब्लॉकों में 3781 मतदाता एमएलसी चुनाव में शहाबगंज ब्लॉक के 1649 और चकिया ब्लॉक के 2132 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दोनों ब्लॉकों में कुल 3781 मतदाता पंजीकृत हैं। स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो बूथ, जबकि शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए एक-एक बूथ बनाया गया है। इस तरह दोनों ब्लॉकों में कुल छह बूथों पर मतदान कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान शहाबगंज के खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

