ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: देव दीपावली गंगा महोत्सव की तैयारियों में जुट प्रशासन, 5 नवंबर को बलुआ घाट पर दिव्य आयोजन

 

चंदौली। देव दीपावली गंगा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और गंगा सेवा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट पर उपजिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर और क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने बैठक कर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। बैठक में समिति पदाधिकारियों, गंगा सेवकों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। सीओ स्नेहा तिवारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ टीम, एम्बुलेंस और ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि यह आयोजन चंदौली की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगा।गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष का महोत्सव विशेष रूप से भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। 5 नवंबर को मां गंगा के तट और महर्षि वाल्मीकि तपोभूमि बलुआ घाट पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय उपस्थित रहेंगे। महोत्सव के दौरान झांकियां, बांसुरी-तबला वादन, गिटार प्रस्तुति और आतिशबाजी दर्शकों को आकर्षित करेगी। गंगा में निर्मित जे.टी. मंच कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा। रात में सजे दीपों और आसमान में चमकती आतिशबाजी से बलुआ घाट का दृश्य मनमोहक होगा।सांस्कृतिक संध्या में पूर्वांचल रत्न सम्मानित कलाकार अरविंद तिवारी और शशि लाल बिरहा गायन से माहौल को भावनात्मक रंग देंगे। हर वर्ष की भांति इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के मां गंगा की आरती में साक्षी बनने की संभावना है।

बैठक में भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय, अवनीश पाण्डेय, योगेंद्र मिश्रा, रोहित तिवारी, थानाध्यक्ष अतुल कुमार आदि उपस्थित रहे।

Back to top button