
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के रौना गांव के समीप रविवार की सुबह गंगा में नहाते वक्त किशोर डूब गया। पीडीडीयू नगर के रविनगर के रहने वाले तीन दोस्त 12वीं की बोर्ड परीक्षा पास करने की खुशी में गंगा में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से लापता किशोर की तलाश की जा रही है।
रविनगर निवासी तीन दोस्तों ने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। इसकी खुशी में रविवार की सुबह गंगा में नहाने के लिए रौना घाट पहुंच गए। तीनों दोस्त गंगा में नहाने लगे। इसी बीच एक किशोर गहरे पानी में डूबने लगा। आसपास के लोगों ने लगभग आधे घंटे से डूबे किशोर की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही किशोर के दोनों दोस्त फरार हो गए। पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता किशोर की तलाश करा रही है। कोतवाल बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पानी में लापता किशोर की पहचान नहीं हो पाई है । उनके दोस्तों का भी पता लगाया जा रहा है।