
चंदौली। टांडाकला–कैथी के मध्य गंगा नदी पर बना पीपा पुल अब पूरी तरह चालू हो गया है। शुक्रवार शाम से पुल पर चार पहिया वाहनों का आवागमन भी शुरू कर दी गई। इससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इससे पहले बुधवार की शाम पुल को केवल पैदल यात्रियों और दो पहिया वाहनों के लिए खोला गया था।
फोर व्हीलर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से वाराणसी, गाज़ीपुर, जौनपुर, आज़मगढ़ सहित आस-पास के जिलों तक यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं कैथी स्थित प्रसिद्ध मारकंडे महादेव मंदिर के दर्शनार्थियों और टांडाकला क्षेत्र के व्यापारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।
उल्लेखनीय है कि फरवरी 2021 में चंदौली के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए इस पीपा पुल का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराया था। पुल शुरू होने के बाद से यात्रियों को वाराणसी, गाज़ीपुर और जौनपुर जाने में काफी दूरी और समय की बचत होने लगी, जिससे स्थानीय व्यापार और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिला।
हालांकि हर वर्ष 15 जून के आसपास गंगा में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के दौरान पीपा पुल को हटाना पड़ता है, जिसके कारण इसका पुनः संचालन अनिश्चित हो जाता है। इस वजह से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसी परेशानी को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने इस स्थान पर स्थायी पक्का पुल बनाए जाने की मांग फिर से तेज कर दी है, ताकि वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव हो सके।
घाट दरोगा दीनानाथ सिंह ने बताया कि बुधवार को पुल को केवल पैदल एवं दो पहिया वाहनों के लिए खोला गया था। निरीक्षण के बाद अब चार पहिया वाहनों के लिए भी पुल को पूर्ण रूप से संचालित कर दिया गया है। पीपा पुल के सुचारू संचालन से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था सुचारू होने के साथ ही व्यापार, यात्रा एवं धार्मिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

