ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : हैंडपंप रिबोर में घपलेबाजी, ग्राम प्रधान की जमीन कुर्क, होगी नीलाम

चंदौली। जिले के चहनियां ब्लॉक के महुआरी खास गांव में हैंडपंप रिबोर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम प्रधान की जमीन को कुर्क कर लिया गया है। 21 दिन में इस जमीन की नीलामी की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई से खलबली मची है।

 

डेढ़ साल पुराना है मामला

अगस्त 2022 में महुआरी खास गांव निवासी राजकिशौर सिंह ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान सत्येंद्र कुमार सिंह और सचिव ने मिलकर हैंडपंप रिबोर के नाम पर 1.06 लाख रुपये का गबन कर लिया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच कराई। इसमें आरोपों की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रधान और सचिव दोनों पर दोष सिद्ध हुए। दोनों से बराबर-बराबर यानी 53-53 हजार रुपये की वसूली का आदेश दिया गया।

 

ग्राम प्रधान के खिलाफ वारंट

ग्राम प्रधान ने नोटिस जारी होने के बाद भी धनराशि जमा नहीं कराई। इसके बाद राजस्व विभाग ने उनके खिलाफ आरसी जारी की। फिर भी प्रधान की ओर से भुगतान नहीं किया गया। अंत में उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया। वारंट जारी होने के बाद प्रधान फरार हो गए। इसी क्रम में तहसील प्रधान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महेशपुर गांव में उनके वैधानिक अंश की जमीन को कुर्क कर लिया। एसडीएम कुंदनराज कपूर ने बताया कि कुर्क की गई जमीन को राजस्व नियमों के अनुसार 21 दिनों में नीलाम कर दिया जाएगा। इससे शासकीय धन की भरपाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!