ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : निर्माण कार्यों में सुस्ती पर डीएम सख्त, बोले-समयसीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स एवं त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।

 

बैठक में पेयजल, सड़क निर्माण, विद्युत व्यवस्था, सरकारी भवनों सहित विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्माणाधीन पुलिस लाइन में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण की समीक्षा के दौरान निर्धारित टाइमलाइन के बावजूद मैनपावर संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर को मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। नवीन समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के भवन एवं छात्रावास का निर्माण धीमी गति से होने पर भी तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

 

इसी प्रकार चकिया स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण, विकासखंड चकिया के ग्राम पंचायत गनेशपुर में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12 तक), पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित राम जानकी मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। धीमी प्रगति वाले कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने सुस्त रवैया अपनाने वाली कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को जनपद में डीएफसीसी ऊपरगामी सेतुओं का निर्माण मानकों के अनुरूप तय समय में पूरा करने को कहा गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धानापुर की धीमी प्रगति और कार्य में लापरवाही पर भी जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी परियोजना में समस्या आने पर तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय से समाधान किया जा सके। साथ ही सभी विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड एवं बंधी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!