ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीडीयू जंक्शन पर वेंडर की संदिग्ध मौत, खून से लथपथ मिला था शव, पुलिस ने की जांच

चंदौली। डीडीयू जंक्शन रेलवे स्टेशन क्षेत्र में 23 अगस्त को वेंडर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के मामले में मृतक की पत्नी ने जांच को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। महिला ने एसपी चंदौली से न्याय की गुहार लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।

 

जानकारी के अनुसार स्टेशन पर प्रदीप नाम के ठेकेदार के यहां समोसा बेचने वाले वेंडर का शव पार्सल कार्यालय के समीप सीढ़ियों के पास खून से लथपथ मिला था। मृतक की पत्नी का आरोप है कि बबलू नाम के एक सिपाही ने शव को रेलवे क्षेत्र से ले जाने के लिए कहा था। महिला का कहना है कि रेलवे क्षेत्र में शव मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए था और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए थी।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक के सिर में चोट के साथ पसली की हड्डियां भी टूटी थीं। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की चोट किसी हार्ड एंड ब्लंट ऑब्जेक्ट से मारपीट अथवा ऊंचाई से गिरने के कारण हो सकती है। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या वेंडर दुर्घटनावश स्वयं ऊंचाई से गिरा था या फिर किसी विवाद के बाद उसे पुल से धक्का दिया गया?

 

मृतक की पत्नी ने मामले में एसपी से निष्पक्ष जांच कराकर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला रेलवे क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण पुलिस जांच पर भी लोगों की नजर है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!