ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : धीना क्षेत्र में मक्खियों का आतंक, बीमारियों का खतरा, प्रशासन से दवा छिड़काव की मांग

चंदौली। जिले के धीना क्षेत्र में मक्खियों का अत्यधिक प्रकोप लोगों के लिए बड़ा संकट बन गया है। धीना बाजार समेत सिकठा, बैरी कलां, बैरी खुर्द, खझरा, सबलजलालपुर, डिग्घी, कपसिया, चखनिया जैसे गांवों में हालात इतने खराब हैं कि दिन-रात मक्खियों से निजात मिलना मुश्किल हो गया है।

 

लगभग 5000 से अधिक आबादी इस परेशानी से त्रस्त है। मक्खियों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि लोग न ठीक से खा पा रहे हैं, न नहा पा रहे हैं, और रात को भी चैन की नींद लेना संभव नहीं हो रहा। मक्खियों की कुछ प्रजातियां और आकार इतने अजीब हैं कि स्थानीय लोगों ने पहले कभी नहीं देखे। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि पैसे वाले लोग अपने शुभ और अशुभ कार्यक्रम गांव से बाहर किसी लॉन में करने लगे हैं, जबकि गरीब वर्ग के लोग मजबूरी में मक्खियों के झुंड के बीच ही कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।

 

ग्रामीणों ने फिनाइल और अन्य कीटनाशकों का छिड़काव किया, लेकिन इनका कोई असर नहीं दिख रहा है। इससे टाइफाइड, हैजा, पेचिश और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से मक्खी रोधी दवाओं का छिड़काव कराया जाए, ताकि इस स्वास्थ्य संकट से निजात मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो हालात और भी बिगड़ सकते हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!