fbpx
चंदौलीराज्य/जिलाहेल्थ

वैक्सीनेशन से वंचित नहीं रहेगा कोई बच्चा, चंदौली में मिशन इंद्रधनुष की हुई शुरुआत

चंदौली। जिले में वैक्सीनेशन से अब कोई भी बच्चा अथवा गर्भवती महिला वंचित नहीं रहेगी। इसके लिए जिले में मिशन इंद्रधनुष की शुरूआत की गई है। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बुधवार को सदर पीएचसी पर फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। विशेष अभियान के दौरान टीकाकरण से वंचित बच्चों व महिलाओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ईमानदारी के साथ काम करते हुए अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।

जिले में अभी तक छह हजार बच्चे व दो हजार गर्भवती महिलाएं टीकाकरण से वंचित हैं। टीकाकरण से छूटे हुए लोगों के वैक्सीनेशन के लिए 13 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। छूटे हुए बच्चों व महिलाओं को चिह्नित कर उन्हें जरूरी टीके लगवाए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि चंदौली आकांक्षी जनपद है। यहां स्वास्थ्य के पैरामीटर पर अधिक फोकस किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही इसको लेकर लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। इस कार्य में ग्राम प्रधान, आशा व एएनएम का सहयोग लिया जा रहा है। बताया कि टीकाकरण के मामले में जिले की स्थिति बेहतर है। इसमें सतत सुधार हो रहा है। उन्होंने अस्पताल में बच्चों के टीकाकरण का जायजा भी लिया। इस दौरान अस्पताल में आई महिलाओं से जानकारी ली। सीएमओ व चिकित्सकों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप काम करें। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिशन इंद्रधनुष को सफल बनाने के लिए सभी जी-जान से जुट जाएं। कोई भी बच्चा अथवा महिला टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। अस्पतालों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। दवाइयों की उपलब्धता के साथ ही चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

Back to top button
error: Content is protected !!