fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

सपा नेता ने सैयदराजा विधानसभा सीट के कर दी दावेदारी, पार्टी कार्यालय में किया आवेदन

 

चंदौली। पूर्व जिलाध्यक्ष और सपा के वरिष्ठ नेता बलिराम यादव ने सैयदराजा विधानसभा सीट से अपनी पुख्ता दावेदारी ठोंक दी है। उन्होंने लखनऊ पार्टी कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत किया और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की। बलिरामय यादव काफी समय से सैयदराजा विस क्षेत्र में सक्रिय हैं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने से भी नहीं चूक रहे। किसान बिल के विरोध में सपा के आंदोलन को भी धार में शिद्दत से जुटे हुए हैं।
तकरीबन दो दशक पुरानी सैयदराजा विधान सभा में सपा का रिकार्ड अच्छा नहीं रहा है। 2012 में यह विधासभा अस्तित्व में आई।  सपा ने गाजीपुर के सांसद राधेमोहन सिंह के ठेकेदार भाई हिरन सिंह को टिकट देकर मैदान में उतारा। तब मनोज सिंह डब्लू टिकट के तगड़े दावेदारों में शामिल थे। टिकट नहीं मिला तो मनोज सिंह ने निर्दल ही उतरने का फैसला किया। मनोज सिंह और प्रमासपा उम्मीदवार बृजेश सिंह के बीच सीधी टक्कर हुई और हिरन का दावा हवा हो गया। हिरन सिंह मुकाबले में नजर ही नहीं आए और मनोज सिंह सैयदराजा विधान सभा के पहले विधायक बने। फिर बारी आई 2017 विधान सभा चुनाव की। पार्टी ने इस बार भी अपने सबसे सशक्त और परंपरागत यादव वर्ग को नजरअंदाज करते हुए मनोज सिंह पर भरोसा जताया और उन्हें टिकट पकड़ा दिया। पार्टी इस बात से बेखबर थी कि मनोज सिंह अब जनता का भरोसा खो चुके हैं। चुनाव परिणाम सामने आया तो पार्टी की लगातार दूसरी गलती पर भी जनता ने मोहर लगा दी। प्रतिद्वंदियों को चुनौती देना तो दूर मनोज लड़ाई में नजर ही नहीं आए। भाजपा प्रत्याशी सुशील सिंह और बसपा उम्मीदवार विनीत सिंह के बीच हुए सीधे मुकाबले में बाजी सुशील सिंह के हाथ लगी और मनोज सिंह तीसरे स्थान पर रहे। अब लोगों की नजर 2022 चुनाव पर है। जबकि सपा सैयदराजा से अपना खाता खोलने की तरफ देख रही है। ऐसे में बलिराम यादव सशक्त दावेदार के रूप में सामने आए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी इस दफा अपने परंपरात वोट बैंक को निराश नहीं करेगी। अपना राजनीतिक जीवन ही सपा को समर्पित करने वाले बलिराम यादव इस दफा काफी आशांवित हैं। बलिराम यादव का कहना है कि मैं अपना काम कर रहा हूं। शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों का पालन कर रहा हूं। सैयदराजा सीट से आवेदन कर दिया है आगे पार्टी जो भी फैसला लेगी मेरे लिए पत्थर की लकीर होगी।

Leave a Reply

Back to top button