fbpx
ख़बरेंचंदौली

कृषि प्रधान जिले में कल से शुरू हो जाएगी धान खरीद, किसानों को इतने रुपये मिलेगा समर्थन मूल्य, अब तक 9336 किसान करा चुके हैं पंजीकरण, टोल फ्री नंबर जारी

चंदौली। शासन की मंशा के अनुरूप कृषि प्रधान जनपद में एक नवंबर से धान खरीद की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए 66 क्रय केंद्रों का अनुमोदन किया जा चुका है। किसानों को सामान्य धान का 2040 रुपये और ए ग्रेड धान का 2060 रुपये प्रति कुंतल समर्थन मूल्य मिलेगा। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए अब तक 9336 किसान अपना पंजीकरण करा चुके हैं।

 

जिले में धान क्रय के लिए खाद्य विभाग के 38, पीसीएफ के 22, पीसीयू के पांच और भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र का अनुमोदन किया चुका है। केंद्र प्रभारियों को मानक के अनुरूप पारदर्शितापूर्ण तरीके से धान खरीद का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि अनाज को सूखाकर व साफ कर क्रय केंद्रों पर ले आएं। ताकि धान क्रय में किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। किसानों को धनराशि का भुगतान आधार लिंक्ड बैंक खातों में किया जाएगा। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने बताया कि धान की खरीद पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पारदर्शी एवं निष्पक्ष धान खरीद हेतु आधार नम्बर से किसान पंजीकरण, पंजीकरण सत्यापन, धान क्रय के समय किसान का इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ पर्चेज डिवाइस के माध्यम से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण एवं आधार लिंक्ड भुगतान की व्यवस्था की गयी है।

 

समस्या होने पर टोल फ्री नंबर पर करें फोन

किसान धान खरीद में समस्या होने पर बैनर पर अंकित अधिकारियों के नंबर पर फोन कर सकते हैं। इसके अलावा खाद्य विभाग के टोल फ्री नम्बर 18001800150 अथवा कन्ट्रोल रूम नम्बर 05412-260117 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

पंजीकरण का चल रहा सत्यापन

प्रशासनिक आंकड़े के अनुसार अब तक 9336 किसान क्रय केंद्र पर धान बेचने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। आवेदन का सत्यापन तहसील के कर्मियों की ओर से किया जा रहा है। किसानों को क्रय केंद्र पर नंबर लगाने के लिए पंजीकरण की सत्यापित कापी प्रस्तुत करनी होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!