चंदौलीप्रशासन एवं पुलिस

डीएम के निरीक्षण में गायब मिले कई चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ, रोका वेतन, होगा जवाब-तलब

चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने मंगलवार को चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान संयुक्त चिकित्सालय में ओपीडी में चिकित्सक व स्टाफ गैरहाजिर मिले। इस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए सभी का एक दिन का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों को हिदायत दी कि किसी भी सूरत में मरीजों को बाहर की दवा न लिखे। इसकी शिकायत मिली तो कार्रवाई तय है। अचानक डीएम के पहुंचने से स्वास्थ्यकर्मियों  में खलबली मची रही।

 

डीएम लगभग सुबह आठ बजे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, आपरेशन कक्ष, नेत्र रोग विशेषज्ञ, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया। इस दौरान ओपीडी के बाहर मरीजों की लाइन लगी थी, लेकिन चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ नदारद थे। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही नोटिस भेजकर जवाब मांगने का निर्देश सीएमएस को दिया। कहा कि चिकित्सकों की लापरवाही की वजह से मरीज भटक रहे हैं। ऐसा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी समय से अस्पताल आकर ड्यूटी करें। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। डाक्टर किसी भी सूरत में मरीजों को बाहर की दवा न लिखें। यदि अस्पताल में मुफ्त दवा न हो तो जनऔषधि केंद्र के मंगाकर मरीजों को उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद डीएम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आटो एनएन लाइजर मशीन काफी दिनों पहले मंगाए जाने के बावजूद अभी तक चालू न करने पर नाराजगी जताई। प्रभारी को इसे तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए।

Back to top button
error: Content is protected !!