
चंदौली। जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन और पुलिस अधीक्षक के कैंप कार्यालय में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने गुलामी की मानसिकता से मुक्त होने, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करने, उसके उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से जारी प्रशंसा चिह्न और विभिन्न पुरस्कारों से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रदान किए गए प्रशंसा चिह्न से अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) को सम्मानित किया गया। वहीं सराहनीय सेवा पदक से उपनिरीक्षक ना.पु. अतुल कुमार और मुख्य आरक्षी स.पु. गोविन्द सिंह को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा यूपी-112 में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


