
चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र के जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नईबाजार (नरायनपुर) में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिवार और उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा काजल को साइकिल पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। वहीं 83 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली आराधना और 78 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल करने वाली खुशी को दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने मेधावी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक घनश्याम पाठक, अध्यक्ष अंबिका सिंह, उपाध्यक्ष उधम सिंह, अनूप पाठक, प्रधानाचार्य राजबली भारती, सरोज पाठक, शिवमुनी शर्मा, विकास राय, भोला प्रसाद, पुष्पा देवी, अर्पिता वर्मा, अनुराधा तिवारी, राजेश सिंह, धर्मेंद्र कुमार पाठक सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित रहे।

