
चंदौली। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर Daddy’s International School, बिशुनपुरा कांटा ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल करते हुए विद्यालय परिसर में 26 जनवरी को 26 पेड़ लगाए। इस अभियान के माध्यम से विद्यालय ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है।
महज़ दो वर्ष पूर्व स्थापित यह विद्यालय अल्प समय में ही अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। वर्तमान में जनपद सहित देश के 22 विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थी CBSE पाठ्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के “26 जनवरी – 26 पेड़” संकल्प को साकार किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि प्रकृति ही सच्चा गणतंत्र है, जो बिना किसी दबाव के अपने नियमों का पालन करती है। जब मानव भी स्वअनुशासन अपनाएगा, तभी वह वास्तविक अर्थों में गणतंत्र का सम्मान करेगा।
विद्यालय के प्राचार्य एवं प्रबंधक डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि केवल भाषणों से नहीं, बल्कि कार्यान्वयन से ही बदलाव संभव है और आज का यह कार्यक्रम उसी सोच का प्रतिफल है।
कार्यक्रम में उपस्थित चंदौली जनपद के चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर एवं “वृक्ष मित्र” के नाम से प्रसिद्ध डॉ. परशुराम सिंह ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि बिशुनपुरा जैसे ग्रामीण क्षेत्र में देशभर से विद्यार्थियों का आना दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत इच्छाशक्ति का उदाहरण है।
इस मौके पर चकिया रेंज के रेंजर ए.के. चौबे तथा डिप्टी रेंजर आनंद दुबे अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय की इस पहल की प्रशंसा करते हुए पेड़ों के संरक्षण का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिवानंद पांडेय, विनीत दुबे, अश्वनी चौबे, विनय कुमार पांडेय, ज्योति कुमारी, अजय सिंह, अरविंद त्रिपाठी, रोशन यादव, सीताराम यादव, पवन त्रिपाठी ने स्वयं एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

