
चंदौली। बुढ़वा मंगल के अवसर पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी (प्रबंधक, डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल, बिशुनपुरा) की ओर से भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुगलसराय स्थित स्प्रिंग स्काई होटल में आयोजित कार्यक्रम में रंग, उत्साह और आत्मीयता का अद्भुत संगम देखने को मिला। फाग गीतों, गुलाल-अबीर और नृत्य के साथ पूरा वातावरण होली की उमंग और भाईचारे के संदेश से गूंज उठा।
कार्यक्रम में अरुण तिवारी और उनकी टीम ने पारंपरिक होली गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। ढोलक और मंजीरे की थाप पर गूंजते फाग गीतों ने पूरे सभागार को फागुन के रंग में रंग दिया। उपस्थित लोगों ने गुलाल और अबीर लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और नृत्य करते हुए उत्सव का आनंद लिया।
समारोह में श्री श्री 1008 श्री महामंडलेश्वर कृपानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक आभा प्रदान की। उन्होंने अपने भक्ति गीतों और फाग की प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही अपने आशीर्वचन में समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. के. एन. पांडेय (मैक्सवेल हॉस्पिटल), डॉ वेद प्रकाश उपाध्याय (वेदांता हॉस्पिटल), डॉ. गौतम त्रिपाठी (सूर्या हॉस्पिटल), शशि शंकर सिंह एडवोकेट, राजेंद्र पांडेय एडवोकेट, चंदौली प्रेस क्लब के सदस्य, जिले के कई पत्रकार और समाज के अनेक गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने सभी अतिथियों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, संवाद और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
समारोह में करीब 150 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगीत, नृत्य, हंसी-मजाक और आत्मीय मिलन का माहौल बना रहा, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।
कार्यक्रम का संयोजन न्यू मीडिया कॉम, रविनगर के संचालक सत्य प्रकाश तिवारी और हास्य कवि रोहित पांडेय ने किया।

