
चंदौली। जुआ सिंडिकेट के आरोपी ओम प्रकाश उर्फ मग्गू पटेल ने पुलिस को चकमा देते हुए न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में सरेंडर कर दिया। न्यायालय से उसे जमानत मिल गई।
कुछ दिन पहले पुलिस ने मुगलसराय थाना क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित ओम प्रकाश उर्फ मग्गू पटेल के घर पर छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। मौके से नकदी और जुआ खेलने के उपकरण भी बरामद हुए थे। इस मामले में पुलिस ने सुनील यादव उर्फ देवता प्रधान, मग्गू पटेल और राहुल पटेल को मुख्य आरोपी बनाया था। तीनों पर पहले 25-25 हजार का ईनाम घोषित किया गया। बाद में पुरस्कार राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपए कर दी गई। तीनों को पकड़ने के लिए पुलिस के साथ SOG टीम को भी लगाया गया था। लेकिन मग्गू पटेल ने पुलिस को चकमा देते हुए न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के अधिवक्ता अरविंद विश्वकर्मा और राजीव खरवार ने बताया कि ओम प्रकाश उर्फ मग्गू पटेल को न्यायालय से सभी मामलों में जमानत मिल गई है।

