क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

गहरी नींद में सो रहा था परिवार, अचानक घर में घुसी तेज रफ्तार कार, मकान क्षतिग्रस्त, दो घायल

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के धानापुर मुख्य मार्ग स्थित सराय रसूलपुर गांव में शनिवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार एक मकान में घुस गई। हादसे में बरामदे में सो रहे मकान मालिक वहाबुद्दीन और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पास में बंधी बकरी का पैर भी टूट गया।

सराय रसूलपुर निवासी वहाबुद्दीन अपने परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर उनके घर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पंखा, साइकिल, चारपाई सहित गृहस्थी का सामान टूटकर बर्बाद हो गया। घर का पटिया और ईंट गिरने से पति-पत्नी घायल हो गए। वहाबुद्दीन के अनुसार टक्कर के बाद वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गए।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कार सवारों में से दो लोगों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को मोहरगंज पुलिस चौकी ले गई। बताया गया कि कार में चार लोग सवार थे।

घटना के बाद घायल दंपती को चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुत्र मुस्ताक ने बताया कि पिता के सिर, हाथ और कमर में चोट लगी है, जबकि मां के कमर और पैर में चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

Back to top button
error: Content is protected !!