चंदौलीपंचायत चुनावराज्य/जिला

चंदौली में भाजपा के लिए भस्मासुर न बन जाएं धनबली, अपने प्रत्याशी के लिए मांग रहे वोट

चंदौली। कुछ दिन पहले ही की बात है जब भाजपा कार्यालय में टिकट के लिए आवेदन करने गए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह और निवर्तमान अध्यक्ष सरिता सिंह को जिलाध्यक्ष ने भाजपा का झंडा पकड़ाए हुए फोटो खिंचवाई थी। शोर मचा था कि दोनों भाजपा में शामिल हो गए हैं। तब जिलाध्यक्ष ने बयान दिया था कि दोनों पूर्व अध्यक्ष पहले से ही भाजपा के प्राथमिक सदस्य हैं। टिकट के लिए आवेदन करने आए थे। ठीक उसी समय सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने बयान दिया था कि छत्रबली सिंह का चरित्र सभी को पता है, कब कहां चले जाएं कोई नहीं बता सकता। विधायक की बात काफी हद तक सही साबित होती नजर आ रही है। धनबली के नाम से मशहूर छत्रबली सिंह और सरिता सिंह ने शहाबगंज सेक्टर दो से भाजपा उम्मीदवार के मुकाबले अपना प्रत्याशी उतार दिया है और जोर-जोर से प्रचार प्रसार भी कर रहे हैं।
कहना न होगा कि दो दफा जिले की सबसे बड़ी पंचायत की कुर्सी पर बैठने के बाद पूर्व अध्यक्ष छत्रबली सिंह और सरिता सिंह इस कुर्सी को आसानी से हाथ से जाने नहीं देना चाहते। यही वजह है कि जिला पंचायत अध्यक्ष का पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद शहाबगंज ब्लाक के सेक्टर दो की सामान्य सीट पर पिछड़ा वर्ग से जुड़े अपने उम्मीदवार दीनानाथ शर्मा को मैदान में उतार दिया है और इन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। जबकि भाजपा ने यहां से विलासपुर निवासी समाजसेवी संजय कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। दीनानाथ शर्मा धनबली की कृपा से शहाबगंज ब्लाक के पूर्व प्रमुख भी रह चुके हैं। सूत्रों की माने तो दीनानाथ कभी धनबली का वाहन चलाते थे और उनके कृपापात्र माने जाते हैं। धनबली का पूरा कुनबा भाजपा उम्मीदवार को छोड़कर दीनानाथ के समर्थन में मैदान में उतर चुका है। जाहिर है कि दंपती अपने खास प्यादे के जरिए एक बाद फिर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाने की तरह देख रहे हैं।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!