
चंदौली। मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। उत्तर व पश्चिम दिशा की ओर से चलने वाली तेज हवा तापमान में गिरावट लाएगी। मौसम विभाग ने इसको लेकर पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इसके अनुसार 11-13 फरवरी के दौरान तेज उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में प्रभावशाली गिरावट की सम्भावना है।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताते हैं कि पहाड़ी क्षेत्रों से गुजर रहे वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के अग्रगामी ऊश्नाग्र (वार्म फ्रंट) के प्रभाव से तापमान में हो रही गिरावट थमने के साथ ही पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में आंशिक वृद्धि आना आरम्भ हो गयी है। इसका प्रभाव भी मुख्यतया उत्तर पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों तक ही सीमित रहने से प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना है। 11 फरवरी को देर शाम से चन्दौली समेत पूर्वांचल के ज्यादातर हिस्सों में 15-25 किमी./घंटा की रफ़्तार की तेज़ उत्तरी-पश्चिमी सतही हवा चलना शुरू होगी। यह क्रम 13 फरवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान 12 फरवरी को हवा की रफ़्तार बढ़कर 20-30 किमी./घंटा तक पहुंच जाने की सम्भावना है। इसके कारण वायु शीतलन गुणांक एवं संवहन तथा सम्मिश्रण बढ़ने से 11 फरवरी के उपरान्त न्यूनतम एवं अधिकतम तापमानों में एक बार पुनः तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की प्रभावी गिरावट की आशंका है।