
चंदौली। जनपद में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर चंदौली पुलिस की स्वाट और सर्विलांस टीम को 50 हजार रुपये के नगद इनाम से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे द्वारा प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्वाट व सर्विलांस टीम ने पिछले 15 दिनों में तीन अलग-अलग अभियानों के दौरान ट्रकों में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इन कार्रवाइयों में कुल 2587 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (22,999.32 लीटर) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.28 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 2 मार्च 2026 को टीम ने एक ट्रक से आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर पंजाब से बिहार ले जाई जा रही 1028 पेटी शराब बरामद की थी। इसकी कुल मात्रा 9198.8 लीटर थी, जिसकी कीमत लगभग 1.68 करोड़ रुपये बताई गई।
इसके बाद 9 मार्च 2026 को एक अन्य ट्रक से कागज की गट्ठरों के नीचे छिपाकर दादरी नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 849 पेटी शराब पकड़ी गई। इसकी मात्रा 7473.6 लीटर और अनुमानित कीमत 1.40 करोड़ रुपये थी।
वहीं 14 मार्च 2026 को एक और ट्रक से पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर नोएडा से बिहार भेजी जा रही 710 पेटी शराब बरामद की गई। इसकी मात्रा 6325.92 लीटर और कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई।
इन सभी मामलों में पुलिस ने तस्करी में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।

